पाली से सोनाणा खेतलाजी के लिए भक्ति यात्रा शुरू,
4 दिन में पहुंचेगा पैदल संघ
पाली -पाली शहर से आस्था और श्रद्धा का अनोखा संगम शनिवार को देखने को मिला, जब सोनाणा खेतलाजी के दर्शन के लिए पैदल संघ आशापुरा नगर से रवाना हुआ। भक्तराज सोहनलाल सुजाराम कुमावत के सान्निध्य में निकला यह संघ चार दिन की यात्रा पूरी कर 31 मार्च को सोनाणा खेतलाजी धाम पहुंचेगा।
करीब 26 वर्षों से लगातार जारी इस परंपरा के तहत हर साल श्री सोनाणा खेतलाजी भक्त परिवार, पाली द्वारा पैदल यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए हैं।
यात्रा के पहले दिन संघ हेमावास होते हुए सोनाई मांझी पहुंचा, जहां दोपहर विश्राम के बाद शाम को टेवाली गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जोगाराम कुमावत और बलवंत मंडोरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
भक्त परिवार के अध्यक्ष जयंतीलाल मरलेचा के अनुसार, चार दिवसीय यात्रा के दौरान रोजाना भजन-संध्या और जागरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें श्याम सुथार, पिंटू सोलंकी, दुर्गेश मारवाड़ी और ज्योति शर्मा सहित कई कलाकार भक्ति प्रस्तुतियां दे रहे हैं।
संघ के संचालन में कई कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिनके सहयोग से यात्रा सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है।