अपहरण कर बंधक बनाया,
बेरहमी से पीटने के बाद युवक की मौत
भीनमाल-थाना क्षेत्र के भागल सेफ्टा गांव में शनिवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक का अपहरण कर उसे बंधक बनाया गया और बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान वागसिंह (35) पुत्र भंवरसिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने वागसिंह को पहले घर बुलाया और फिर जबरन उठाकर अपने साथ ले गए। वहां उसे बांधकर गंभीर रूप से पीटा गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वागसिंह को नग्न अवस्था में बांधकर मारपीट की जा रही थी और बीच-बचाव करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
सूचना पर भीनमाल थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे और घायल वागसिंह को तुरंत राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
मृतक के पिता भंवरसिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जैसाराम, उसकी पत्नी, दो बेटों और एक बेटी सहित अन्य पर अपहरण, बंधक बनाने और मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके बेटे को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि वागसिंह की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और वह खेती व ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।