राजस्थान में मौसम का यू-टर्न
बारिश-आंधी के साथ ओलों का अलर्ट
जोधपुर-राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 31 मार्च तक प्रदेश में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। रविवार को खासतौर पर कुछ जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से शनिवार से मौसम में बदलाव देखने को मिला। बीकानेर संभाग के कई इलाकों में दोपहर बाद बूंदाबांदी हुई और धूलभरी हवाएं चलीं। वहीं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदला नजर आया। देर रात जैसलमेर के सरहदी क्षेत्रों में बादल छाए रहे।
दूसरी ओर, कोटा, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और भरतपुर संभाग में दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा। कोटा और चित्तौड़गढ़ प्रदेश के सबसे गर्म इलाके रहे, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जयपुर में पारा 34.9 डिग्री तक पहुंचा।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में भी इस सिस्टम का असर बना रह सकता है, जिससे फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।