राजस्थान में बढ़ी गर्मी की मार, 18 शहरों में 40 पार तापमान; अगले 4 दिन हीटवेव का अलर्ट
जयपुर-। प्रदेश में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को राजधानी जयपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ, जहां पारा 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य के 18 शहरों में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले 3 से 4 दिनों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। झुंझुनूं और अलवर सहित कुछ इलाकों में दिन के समय लू का असर भी देखने को मिला।
कहीं धूप तो कहीं धूलभरी हवाएं
पिछले 24 घंटों में पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और फलोदी में हल्के बादल छाए रहे, जबकि श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में धूलभरी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। वहीं जयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और उदयपुर संभाग में आसमान साफ रहने से तेज धूप ने गर्मी को और बढ़ा दिया।
कोटा में 42 पार, बढ़ेगा और पारा
कोटा में इस सीजन में पहली बार तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा 44 डिग्री तक जा सकता है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अजमेर में उमस ने बढ़ाई परेशानी
अजमेर में तेज धूप के साथ उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। यहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लू से बचने के लिए लोग छाते और कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।
अलवर में आंधी से मिली राहत
अलवर में दिनभर की तपिश के बाद शाम को तेज हवा और आंधी चली, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन दिन का तापमान 41.6 डिग्री दर्ज हुआ।
उदयपुर-जोधपुर में भी तेज गर्मी का असर
उदयपुर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया, जिससे पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। वहीं जोधपुर में दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर बना हुआ है, यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया।
अगले सप्ताह कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हीटवेव का असर बढ़ने के साथ लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों ने गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी है।