राजस्थान मौसम अपडेट:
राहत के बाद अब बढ़ेगी गर्मी, 2 हफ्तों में 40°C पार होने के संकेत
राजस्थान में हाल ही में आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद अब गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को जयपुर, अलवर, उदयपुर, बाड़मेर, पिलानी और कोटा सहित कई शहरों में तेज धूप के चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आने वाले दो हफ्तों में प्रदेश में गर्मी और तेज होने की संभावना है। कुछ शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है। हालांकि 10 और 11 अप्रैल को बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और अच्छी धूप देखने को मिली। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अभी राहत, आगे बढ़ेगी गर्मी
गुरुवार को अधिकांश शहरों में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री कम दर्ज हुआ। जयपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 5.5 डिग्री कम था, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
आने वाले दिनों का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहेगा। लेकिन धीरे-धीरे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे अप्रैल के मध्य तक गर्मी अपने तेवर दिखाने लगेगी।