जालोर में बढ़ने लगी गर्मी की तपिश,
मटकों की मांग बढ़ी—तापमान 40°C तक जाने के आसार
जालोर में अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले करीब एक सप्ताह तक आसमान साफ रहेगा और गर्मी लगातार तेज होगी। गुरुवार को दिनभर तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। अधिकतम तापमान बढ़कर 34.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि आने वाले दिनों में इसके 38 से 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
अब तक प्रदेश में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते गर्मी का असर ज्यादा नहीं दिख रहा था। दिन का तापमान करीब 33 डिग्री और रात का तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ था। सुबह के समय हल्की ठंडक भी महसूस की जा रही थी, लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
गुरुवार को मौसम ने बदली करवट
गुरुवार को अचानक मौसम साफ हुआ और पूरे दिन तेज धूप रही। इसके चलते तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार की तुलना में दिन का तापमान 1.6 डिग्री बढ़ गया, जबकि रात का तापमान 1.7 डिग्री गिरा।
बाजारों में बढ़ी ठंडे पानी की जरूरत
गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर के अस्पताल रोड, पंचायत समिति और वीरमदेव चौक जैसे इलाकों में मटकों की बिक्री तेज हो गई है। लोग ठंडा पानी रखने के लिए मिट्टी के बर्तनों की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम नजर आ रही है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि साफ मौसम के चलते अगले 7 दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।