25 हजार का इनामी तस्कर शादी में आया, 5KM पीछा कर पुलिस ने दबोचा
राजस्थान के सांचौर इलाके में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर राजुराम विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
शादी में शामिल होने आया, यहीं हो गया ट्रैक
पुलिस को सूचना मिली थी कि राजुराम अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए बेंगलुरु से अपने गांव जाखल (सियागों की ढाणी) आने वाला है। सूचना मिलते ही ANTF टीम ने गांव में नजर रखनी शुरू कर दी। जैसे ही वह गांव पहुंचा, पुलिस ने दबिश दी।
खेतों में भागा, 5 किलोमीटर तक चला पीछा
पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकला और खेतों की ओर दौड़ लगा दी। टीम ने उसका पीछा किया और करीब 5 किलोमीटर तक दौड़ने के बाद घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पढ़ा-लिखा युवक कैसे बना तस्कर
राजुराम बीए तक पढ़ा हुआ है और काम की तलाश में बेंगलुरु गया था। वहां वह रेलिंग फिटिंग का काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान शराब तस्करों से हुई और लालच में आकर वह अवैध शराब तस्करी में शामिल हो गया।
राजस्थान से गुजरात तक सप्लाई
वह राजस्थान से अवैध शराब गुजरात पहुंचाता था। पहले भी वह झाब थाने में पकड़ा गया था, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद फिर तस्करी में सक्रिय हो गया।
गुजरात पुलिस ने रखा था इनाम
जामनगर में दर्ज एक बड़े मामले के बाद वह फरार हो गया था। गिरफ्तारी नहीं होने पर गुजरात पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश जारी है।