जालोर में गर्मी ने तोड़ा सब्र, दिन के साथ अब रातें भी बनीं तपती
जालोर जिले में गर्मी का असर अब चौबीसों घंटे महसूस किया जा रहा है। जहां पहले सिर्फ दिन में तेज धूप लोगों को परेशान करती थी, वहीं अब रात का तापमान भी बढ़ने से राहत मिलना बंद हो गया है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों की नींद और आराम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
दिन में सड़कों पर सन्नाटा, बाजारों में कम हुई भीड़
सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले यह 38.5 डिग्री तक पहुंच चुका है। गर्मी के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
रात में भी नहीं मिल रही राहत
बढ़ते न्यूनतम तापमान ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं। रात में भी उमस और गर्मी के कारण लोग बेचैन हैं। कूलर-पंखे भी ज्यादा राहत नहीं दे पा रहे, जिससे खासकर बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है और लू चलने की स्थिति भी बन सकती है।
सावधानी जरूरी
डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है, ताकि लू और डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।