Google Map पर ‘सुसाइड पॉइंट’ सर्च कर झील पहुंचा युवक, समय रहते बची जान
कायलाना झील में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब पुलिस और गोताखोरों की सतर्कता से एक युवक को आत्महत्या करने से पहले ही बचा लिया गया।
150 किमी दूर से पहुंचा, फोन पर दी कूदने की धमकी
फलोदी जिले के मोखेरी गांव का रहने वाला 32 वर्षीय युवक पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकल गया था। वह करीब 150 किलोमीटर का सफर तय कर जोधपुर पहुंचा और झील किनारे बैठकर परिजनों को फोन कर आत्महत्या की धमकी देने लगा।
Google Map से ढूंढ़ा था ‘सुसाइड पॉइंट’
मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि युवक ने पहले Google Map पर ‘सुसाइड पॉइंट’ सर्च किया और उसके बाद इस स्थान पर पहुंचा।
रोता मिला युवक, गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही राजीव गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम को भी तुरंत बुलाया गया। काफी तलाश के बाद युवक झील किनारे बैठा रोते हुए फोन पर बात करता मिला। टीम ने तुरंत उसे पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
काउंसलिंग के बाद परिवार को सौंपा
पुलिस ने युवक को चौकी लाकर समझाइश दी। बाद में परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग की गई और युवक को सुरक्षित उनके साथ भेज दिया गया।
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि समय पर सूचना और सतर्कता से बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है।