उदयपुर में आधी रात ‘ग्रीन ऑपरेशन’: एलिवेटेड रोड के लिए कटने वाले 40 पेड़ बचाए

उदयपुर में आधी रात ‘ग्रीन ऑपरेशन

एलिवेटेड रोड के लिए कटने वाले 40 पेड़ बचाए



उदयपुर-में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। शहर के व्यस्त उदियापोल चौराहे पर बनने वाले एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के बीच नगर निगम ने पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया।

गुरुवार देर रात शुरू हुए इस विशेष अभियान में करीब 40 पुराने पेड़ों को बचाने की प्रक्रिया शुरू की गई। ये पेड़ करीब 15 साल पुराने हैं और सड़क निर्माण में बाधा बनने के कारण इन्हें हटाना जरूरी था। हालांकि, निगम ने इन्हें काटने के बजाय जड़ों सहित उखाड़कर नेहरू बाल उद्यान में पुनर्स्थापित करने का निर्णय लिया।



आधी रात को क्रेन, जेसीबी और ट्रेलर की मदद से विशेषज्ञों की टीम ने बेहद सावधानी से पेड़ों को निकाला। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने खुद मौके पर रहकर की। पेड़ों को जड़ों और मिट्टी के साथ सुरक्षित निकालकर एक किलोमीटर दूर नए स्थान पर लगाया जा रहा है, जिससे इनके दोबारा जीवित रहने की संभावना बनी रहे।

यह कदम इसलिए भी खास है क्योंकि आमतौर पर ऐसे प्रोजेक्ट्स में पेड़ों को काट दिया जाता है, लेकिन यहां उन्हें नई जिंदगी देने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती चरण में कुछ पेड़ों को सफलतापूर्वक शिफ्ट किया जा चुका है और आने वाले दिनों में बाकी पेड़ों को भी स्थानांतरित किया जाएगा।

136 करोड़ की लागत से बन रहे 2.7 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के लिए कुल 117 पिलर बनाए जाने हैं, जिनमें कुछ स्थानों पर पेड़ों का होना निर्माण में बाधा बन रहा था।

इस पूरे अभियान में विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है, जो वैज्ञानिक तरीके से पेड़ों को शिफ्ट कर रहे हैं। पहले पेड़ के चारों ओर गहराई तक खुदाई कर जड़ों को सुरक्षित किया जाता है, फिर मशीनों की मदद से उठाकर नए स्थान पर लगाया जाता है।

नगर निगम का कहना है कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। यह पहल न केवल पेड़ों को बचाने का प्रयास है, बल्कि शहरवासियों के बीच पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक संदेश है

और नया पुराने

Column Right

Facebook