PWD के XEN और दलाल 33 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB का जयपुर-झुंझुनूं में बड़ा ट्रैप

PWD के XEN और दलाल 33 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, 

ACB का जयपुर-झुंझुनूं में बड़ा ट्रैप


जयपुर/झुंझुनूं:

राजस्थान में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के एक्सईएन और एक दलाल को 33 लाख रुपए की रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जयपुर और झुंझुनूं में एक साथ की गई।

ACB के अनुसार, यह रिश्वत झुंझुनूं जिले में बन रही सड़क के अलाइनमेंट में बदलाव कर एक खातेदारी जमीन को सड़क से बाहर निकालने के नाम पर मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाकर शुक्रवार रात करीब 8 बजे ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।

जयपुर में चौमूं पुलिया के पास दलाल याकूब अली को 33 लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि वह यह रकम झुंझुनूं के चिड़ावा में तैनात PWD के XEN राकेश कुमार तक पहुंचाने वाला था।

इसी दौरान ACB की दूसरी टीम ने झुंझुनूं में कार्रवाई करते हुए XEN राकेश कुमार को उसके घर से हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि याकूब अली सरकारी प्रक्रिया में अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में भी जुड़ा हुआ था।

मामले के अनुसार, बग्गड़ से स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इस प्रोजेक्ट में शिकायतकर्ता की जमीन को शामिल किया गया था, जिसे बाद में रिअलाइनमेंट के जरिए बाहर निकालने का लालच देकर रिश्वत मांगी गई।

ACB ने योजना के तहत शिकायतकर्ता को रकम के साथ भेजा। जैसे ही दलाल ने पैसे लिए, कार के इंडिकेटर के जरिए संकेत मिला और टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

फिलहाल ACB दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है

और नया पुराने

Column Right

Facebook