राजस्थान में आंधी-बारिश से अप्रैल की शुरुआत, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, आज भी अलर्ट

 राजस्थान में आंधी-बारिश से अप्रैल की शुरुआत, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, आज भी अलर्ट

ओलों से फसलें खराब, गर्मी कम, जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम




जयपुर। राजस्थान में अप्रैल की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार बुधवार को भी राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी जयपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है।मौसम विभाग ने 2 अप्रैल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अलर्ट जारी किया है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक 4 अप्रैल तक राज्य के 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

10 से ज्यादा जिलों में बदला मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर और टोंक सहित कई जिलों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। सुबह जहां आसमान साफ था, वहीं दिन चढ़ने के साथ बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर में ओले गिरने से फसलों को खासा नुकसान हुआ है। जयपुर के आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।

तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत

बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को कोटा और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान क्रमशः 37.9 और 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

फसलों को नुकसान, किसानों की चिंता बढ़ी

लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, नागौर और डीडवाना-कुचामन समेत कई जिलों में रबी की फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि कटाई के समय पर मौसम का यह बदलाव नुकसानदायक साबित हो रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook