मांडवला में विकास कार्यों की खुली पोल:
घटिया सीसी रोड टूटी, अधूरी नालियों से जलभराव का खतरा
जालोर/सायला: पंचायत समिति सायला के अंतर्गत ग्राम पंचायत मांडवला में हाल ही में हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव में बनी नई सीसी रोड कुछ ही समय में जगह-जगह से टूटने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर संदेह पैदा हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते रोड जल्दी खराब हो गई। सड़क की बिगड़ती हालत से जहां आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
इसके साथ ही गांव में जल निकासी के लिए बनाई जा रही नालियां भी अधूरी पड़ी हैं। ऐसे में आगामी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी नालियों के कारण पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा हो सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा।
ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर सरपंच को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।