शिव विधायक पर मानहानि केस विवाद गहराया भजन गायक ने कहा—“अब होगी सीधी लड़ाई”

शिव विधायक पर मानहानि केस विवाद गहराया

भजन गायक ने कहा—“अब होगी सीधी लड़ाई”


बाड़मेर
-शिव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भजन गायक छोटू सिंह रावणा के बीच सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। बुधवार को छोटू सिंह अपने समाज के लोगों के साथ शिव थाने पहुंचे और विधायक सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर विधायक रविंद्र सिंह भाटी और पांच अन्य के खिलाफ मानहानि और निजता के हनन की धाराओं में केस दर्ज किया है। थानाधिकारी ने बताया कि शिकायत के साथ इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी दिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए आगे भेजा जा रहा है।

सड़क के वीडियो से बढ़ा विवाद

छोटू सिंह रावणा का कहना है कि उन्होंने शिव क्षेत्र की एक खराब सड़क का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। इसी पोस्ट पर किए गए एक कमेंट के बाद विवाद शुरू हुआ और मामला लगातार बढ़ता गया। उनका आरोप है कि इस टिप्पणी के बाद उन्हें फोन पर धमकाया भी गया।

“जरूरत पड़ी तो सब उजागर करूंगा”

रावणा ने कहा कि अगर विवाद और बढ़ता है तो वे क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके एक कमेंट से ही बड़ा मुद्दा खड़ा हो गया और अब यह मामला प्रदेश से बाहर तक चर्चा में है।

“किसी के कहने पर नहीं कर रहा”

उन्होंने साफ कहा कि वे किसी राजनीतिक दबाव या उकसावे में आकर यह कदम नहीं उठा रहे हैं। अगर किसी को शक है तो वे आमने-सामने आकर बात करने के लिए तैयार हैं।

समाज का समर्थन, सुरक्षा की मांग

इस पूरे मामले के बाद विभिन्न स्थानों पर समाज के प्रतिनिधियों द्वारा ज्ञापन दिए जा रहे हैं। इसमें छोटू सिंह रावणा को सुरक्षा देने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर किए गए कमेंट को लेकर दोनों पक्षों में तकरार शुरू हुई थी। इसके बाद आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला चला और अब मामला पुलिस तक पहुंच गया है। विधायक की ओर से पहले ही बयान दिया जा चुका है कि किसी के बहकावे में आकर विवाद को बढ़ाना ठीक नहीं है।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस विवाद में और नए पहलू सामने आ सकते हैं।

और नया पुराने

Column Right

Facebook