जालोर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी पलटी, दो पुलिसकर्मी घायल

 जालोर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी पलटी, 

दो पुलिसकर्मी घायल



जालोर जिले के बागोड़ा क्षेत्र में मंगलवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के काफिले में शामिल एक एस्कॉर्ट वाहन हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी का स्टेरिंग अचानक फेल होने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक एएसआई सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

यह हादसा भारतमाला एक्सप्रेस-वे के पास झाब एमडीआर रोड पर शाम करीब 3 बजे हुआ। उस समय मदन राठौड़ बागोड़ा थाना क्षेत्र के जूनी बाली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर पाली लौट रहे थे।

घटना के अनुसार, काफिले के साथ चल रही 112 एस्कॉर्ट गाड़ी जैसे ही मेड़ा गांव के पास पहुंची, उसका स्टेरिंग जवाब दे गया और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही राठौड़ ने तुरंत काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर घायलों का हाल जाना, साथ ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।



हादसे में एएसआई नरसाराम के हाथ में फ्रैक्चर आया है, जबकि चालक कॉन्स्टेबल साबिर खान को मामूली चोटें आई हैं। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बागोड़ा थानाधिकारी बलदेवराम के मुताबिक, दुर्घटना का कारण वाहन का स्टेरिंग फेल होना बताया जा रहा है। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एस्कॉर्ट वाहन को नुकसान पहुंचा है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook