जालोर में मिलावटखोरों पर सख्ती: आइसक्रीम-मावा बर्फी के सैंपल, आहोर में खराब मिठाई नष्ट

 जालोर में मिलावटखोरों पर सख्ती: 

आइसक्रीम-मावा बर्फी के सैंपल, आहोर में खराब मिठाई नष्ट


शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई, फूड टीम ने दुकानों और यूनिट्स की जांच तेज की

जालोर जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को व्यापक कार्रवाई की। ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत फूड डिपार्टमेंट की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आइसक्रीम यूनिट्स, मिठाई की दुकानों और जूस सेंटरों पर निरीक्षण कर सैंपल लिए।

यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, कलेक्टर प्रदीप के. गवांडे और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी के निर्देशानुसार की गई। एसडीएम रोहित चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने आहोर कस्बे में विशेष जांच अभियान चलाया।



निरीक्षण के दौरान आहोर स्थित महादेव मिष्ठान भंडार पर मिलावटी और खराब मावे से बनी मिठाइयां पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही दुकान से उपयोग में लिए जा रहे तेल और मावा बर्फी के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए।

इसके अलावा महावीर आइसक्रीम यूनिट में आइसक्रीम निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर सैंपल लिए गए। कस्बे के विभिन्न जूस सेंटरों पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से पेय पदार्थों की शुद्धता की मौके पर ही जांच की गई।

टीम में शामिल बीसीएमओ डॉ. छैलसिंह देवड़ा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी हनवन्त सिंह ने बताया कि जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि खुले में बिकने वाले संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें और केवल मानक व गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही उपयोग करें।



प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है, वहीं उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान अहम कदम माना जा रहा है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook