अजमेर में भाजपा महिला मोर्चा का उग्र प्रदर्शन
रावण दहन कर जताया महिला आरक्षण बिल पर विरोध
अजमेर में भाजपा महिला मोर्चा ने नारी वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को संसद में पारित नहीं किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालते हुए कांग्रेस के खिलाफ तीखी नारेबाजी की और अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन की शुरुआत होटल अजमेरु से हुई, जहां बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुईं। यहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बिल के समर्थन में आवाज उठाई।
कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस सांसदों के फोटो लगाकर रावण का पुतला बनाया गया। प्रदर्शनकारियों ने पहले पुतले को जूते-चप्पलों से पीटा, फिर काली पट्टी बांधकर उसे आग के हवाले कर दिया। इस दौरान कुछ महिलाएं बैरिकेड्स पर चढ़कर भी विरोध जताती नजर आईं।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाया गया नारी वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध कर महिलाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंचाई है।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रमेश सोनी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिन्होंने एक स्वर में महिला आरक्षण बिल को जल्द लागू करने की मांग उठाई