भाजपा स्थापना दिवस पर आहोर में शक्ति प्रदर्शन, जिला स्तरीय सम्मेलन और भव्य वाहन रैली से शहर रहा उत्सवमय
जिला स्तरीय सम्मेलन व विशाल रैली से गूंजा शहर
आहोर (गजेंद्र गहलोत)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आहोर नगर में रविवार को भव्य और ऐतिहासिक आयोजन देखने को मिला। चामुंडा माताजी मंदिर परिसर में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन और उसके पश्चात निकली विशाल वाहन रैली ने पूरे शहर को भगवामय कर दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने संगठन की मजबूती और एकजुटता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सुबह से ही चामुंडा माताजी मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। पारंपरिक विधि-विधान से मां चामुंडा के दर्शन और पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद आयोजित सभा में नेताओं ने भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रमुख नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति
सम्मेलन में राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग एवं जालौर-सिरोही सांसद लुंबा राम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र बोहरा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित, जिला संगठन प्रभारी महेंद्र मेघवाल एवं पूर्व राज्य मंत्री भूपेंद्र देवासी मंचासीन रहे।
भाजपा के इतिहास और विचारधारा पर हुआ मंथन
मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने अपने संबोधन में जनसंघ से लेकर भाजपा के वर्तमान स्वरूप तक के सफर को याद करते हुए कहा कि पार्टी की नींव समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग और संघर्ष पर टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है तो इसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम है। सांसद लुंबा राम चौधरी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। मुख्य वक्ता महेंद्र बोहरा ने भाजपा के वैचारिक आधार, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यशैली पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को सेवा, समर्पण और राष्ट्रवाद की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत: विधायक
आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए उनके योगदान को सराहा और युवाओं से संगठन से जुड़कर पार्टी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने जिले में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला तथा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
कार्यक्रम को जिला संगठन प्रभारी महेंद्र मेघवाल, पूर्व राज्य मंत्री भूपेंद्र देवासी, जिला महामंत्री गजेंद्र सिंह सिसोदिया, एसटी मोर्चा प्रदेश मंत्री डॉ. रमेश राणा, महिला मोर्चा प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. मंजू मेघवाल, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष मिश्रीमल मेघवाल, महिपाल सिंह चारण एवं शंकरदान चारण ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री बंसीलाल सुथार ने किया।
विशाल वाहन रैली में उमड़ा जनसैलाब
सम्मेलन के पश्चात निकाली गई विशाल वाहन रैली ने आयोजन को शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। रैली चामुंडा माताजी मंदिर चौक से शुरू होकर अस्पताल चौराहा, खालसा बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विधायक कार्यालय तक पहुंची। रैली में सैकड़ों वाहनों का काफिला शामिल रहा, जिसमें बाइक, कार और अन्य वाहन बड़ी संख्या में शामिल थे। कार्यकर्ता भाजपा के झंडे और बैनर लेकर चल रहे थे तथा “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” और “वंदे मातरम्” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
जेसीबी से पुष्पवर्षा, नगरवासियों ने किया स्वागत
रैली के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और आमजन द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कई जगहों पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से फूलों की वर्षा की गई, जो इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही। चामुंडा द्वार सहित प्रमुख चौराहों पर रैली का जोरदार स्वागत हुआ, जहां लोगों ने फूलमालाओं से अभिनंदन कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
उत्सव जैसा बना माहौल
पूरे आयोजन के दौरान आहोर नगर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। जगह-जगह भाजपा के झंडे, बैनर और सजावट देखने को मिली। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त ऊर्जा और उत्साह
दिखाई दिया, जिससे यह आयोजन लंबे समय तक यादगार बन गया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मुकेश राजपुरोहित, जिला प्रवक्ता दिनेश महावर, आहोर मंडल अध्यक्ष किशोर सिंह, भाद्राजून मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, गुड़ा मंडल अध्यक्ष जयंतीलाल कुमावत, गोदन मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह राजपुरोहित, चांदराई मंडल अध्यक्ष लाखाराम देवासी, सुजाराम प्रजापत, बागरा मंडल अध्यक्ष प्रकाश टेलर, प्रकोष्ठ जिला संयोजक भूर सिंह देवकी, जिला कार्यालय मंत्री डिंपल सिंह चौहान, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष किशन प्रजापत, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष वचनाराम देवासी, महेंद्र रांकावत, महामंत्री सूर्यपाल सिंह मांगलिया, भंवरपूरी, एवं कानाराम दमामी, सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।