राजस्थान यूनिवर्सिटी में नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम पर विवाद: छात्र संगठनों में तनातनी, कैंपस में बढ़ी सुरक्षा

राजस्थान यूनिवर्सिटी में नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम पर विवाद:

छात्र संगठनों में तनातनी, कैंपस में बढ़ी सुरक्षा


जयपुर- स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय में प्रस्तावित नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। कार्यक्रम को लेकर छात्र संगठनों के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं, जिससे कैंपस में तनाव की स्थिति बन गई है।

एक तरफ NSUI ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए इसे एक विशेष विचारधारा से प्रभावित बताया है। संगठन का आरोप है कि विश्वविद्यालय जैसे शैक्षणिक परिसर में इस तरह के आयोजनों से अकादमिक वातावरण प्रभावित होता है। NSUI ने प्रशासन से कार्यक्रम निरस्त करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि मांग नहीं मानी गई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर ABVP ने कार्यक्रम का समर्थन करते हुए NSUI के विरोध को अनुचित बताया है। ABVP का कहना है कि यह आयोजन महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित है, जिसे राजनीतिक रंग देना गलत है। संगठन ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से भी जोड़ा है।

यह कार्यक्रम मरुधरा नारी संगठन के बैनर तले मानविकी पीठ सभागार में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े कुछ पदाधिकारियों के शामिल होने की चर्चा के बाद विवाद और गहरा गया।

स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन कैंपस में पुलिस बल तैनात कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि सभागार नियमित प्रक्रिया के तहत किराए पर दिया गया है और कार्यक्रम को लेकर उन्हें किसी विशेष संगठन की आधिकारिक जानकारी नहीं है।

फिलहाल कैंपस में माहौल संवेदनशील बना हुआ है और दोनों छात्र संगठनों की ओर से आगे की रणनीति पर नजर बनी हुई है।

और नया पुराने

Column Right

Facebook