पाली में स्कूल बना चोरों का टारगेट:
तीसरी बार वारदात, वॉटर कूलर-मोटर समेत सामान ले उड़े
पाली- शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। केशव नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में तीसरी बार चोरी की वारदात सामने आई है। सोमवार देर रात बदमाश जाली तोड़कर स्कूल परिसर में घुसे और कई कमरों के ताले तोड़कर सामान समेट ले गए।
चोर प्रिंसिपल रूम सहित अन्य कमरों में घुसे और वहां से वॉटर कूलर, पानी की मोटर, नई कॉपियां, साफे, कुर्सियां, अलमारी, क्रिकेट बैट और करीब ढाई हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हैरानी की बात यह रही कि चोर स्कूल में रखे कम्प्यूटर को पास की झाड़ियों में छोड़ गए, जबकि क्लासरूम में लगी एलईडी को हाथ तक नहीं लगाया। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि वारदात को नशे के आदी युवकों ने अंजाम दिया, जिन्हें जल्दी नकदी की जरूरत थी।
स्कूल प्रिंसिपल पुष्पेंद्र आढ़ा के अनुसार, यह तीसरी बार है जब स्कूल को निशाना बनाया गया है, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि रात के समय स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।