जयपुर में राशन घोटाला:
53 लाख का सरकारी गेहूं बाजार में खपाया, ट्रांसपोर्ट फर्म पर FIR
खाद्य विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि गेहूं की सप्लाई की जिम्मेदारी संभाल रही फर्म ने 34 ट्रकों के जरिए भेजे गए गेहूं को दुकानों तक पहुंचाने की बजाय कालाबाजारी में खपा दिया। यह गेहूं जयपुर जिले के चौमूं, चाकसू, आमेर, बस्सी, झोटवाड़ा समेत कई क्षेत्रों की राशन दुकानों के लिए आवंटित था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब राशन दुकानदारों ने समय पर गेहूं नहीं मिलने की शिकायत की। इसके बाद विभागीय विजिलेंस जांच में पूरी गड़बड़ी सामने आई। जांच में यह भी सामने आया कि फर्म ने अपनी गलती छिपाने के लिए मार्च के कोटे के गेहूं को फरवरी का बताकर सप्लाई कर दिया।
रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी की रिपोर्ट पर फर्म के प्रोपराइटर विनोद कुमार शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हर ट्रक से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में गेहूं गायब किया गया, ताकि लंबे समय तक इस घोटाले का पता न चल सके।
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि फर्म से करीब 53 लाख रुपए की वसूली की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।