जालोर: पंचायत के फरमान से शादी में सन्नाटा,
परिवार ने थाने में लगाई गुहार
जालोर जिले के भीनमाल क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां पंचायत के कथित तुगलकी फरमान के कारण फीकी पड़ गईं। शादी से एक दिन पहले ही परिवार थाने पहुंचा और आरोप लगाया कि पंचायत द्वारा किए गए बहिष्कार के चलते गांव के लोग शादी में आने से डर रहे हैं।
परिजनों ने हाथों में मेहंदी और शादी का कार्ड दिखाकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। उनका कहना है कि बिंदौरी जैसे पारंपरिक कार्यक्रम में भी कोई शामिल नहीं हुआ, जिससे पूरा पंडाल खाली पड़ा रहा।
परिवार के अनुसार, एक युवक के लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद कथित पंचायत ने पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। इतना ही नहीं, जो भी व्यक्ति शादी में शामिल होगा, उसे भी समाज से बाहर करने और जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने अवैध रूप से पंचायत बुलाकर लाखों रुपए का जुर्माना तय किया और अब पहले से दर्ज मामले को वापस लेने का दबाव भी बना रहे हैं।
वहीं, पुलिस का कहना है कि इस मामले में पहले ही रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है और जांच जारी है। अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।