मकान में संचालित जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 9 आरोपी गिरफ्तार

 मकान में संचालित जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा,

9 आरोपी गिरफ्तार



जोधपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नागौरी गेट थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) पूर्व ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके पास से 37,500 रुपए नकद और जुआ सामग्री जब्त की गई।

यह कार्रवाई नया तालाब सार्वजनिक पार्क के पास स्थित एक आवासीय मकान में की गई, जहां लंबे समय से जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। एसीपी (सेंट्रल) मंगलेश चुंडावत ने बताया कि 23 अप्रैल की देर रात पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

छापे के दौरान मकान के अंदर कई लोग जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें नकदी और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। इसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ राजस्थान सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

इस कार्रवाई में जोधपुर पुलिस आयुक्त शरत कविराज और डीसीपी (पूर्व) मनीष कुमार चौधरी के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा था। एडीसीपी (पूर्व) विरेन्द्रसिंह और एसीपी मंगलेश चुंडावत के सुपरविजन में थानाधिकारी शैफाली सांखला के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

और नया पुराने

Column Right

Facebook