मंगेतर को परिवार ने रोका, युवक ने लगाया बंधक बनाने का आरोप; एसपी से लगाई गुहार

 मंगेतर को परिवार ने रोका, 

युवक ने लगाया बंधक बनाने का आरोप; एसपी से लगाई गुहार



जालोर जिले में एक युवक ने अपनी मंगेतर को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। युवक का कहना है कि युवती के परिजनों ने उसे जबरन अपने कब्जे में रख लिया है और उसकी मर्जी के खिलाफ दूसरी जगह शादी कराने की तैयारी कर रहे हैं।

पीड़ित युवक ओबाराम शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचा और एसपी शैलेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। युवक ने आरोप लगाया कि उसकी मंगेतर की जान को खतरा है और उसे परिवार वालों ने बंधक बना रखा है। इस मामले की शिकायत उसने पुलिस महानिदेशक जयपुर और जोधपुर रेंज के आईजी को भी भेजी है।

भागकर शादी की कोशिश, रास्ते में रोका
युवक के अनुसार, तीन साल पहले दोनों की सगाई हुई थी और समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इस बीच युवती के परिवार ने रिश्ता तोड़कर दूसरी जगह शादी तय करने की कोशिश की, जिससे दोनों असहमत थे।
20 अप्रैल की रात युवती घर से निकलकर युवक के पास पहुंची। इसके बाद दोनों ने जोधपुर जाकर शादी करने का निर्णय लिया, लेकिन रास्ते में युवती के परिजनों ने तीन गाड़ियों से पीछा कर उन्हें रोक लिया और जबरन अपने गांव ले गए।

5 घंटे तक बंधक, धमकाने का आरोप
युवक का आरोप है कि उन्हें करीब 5 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और डराया-धमकाया गया। इस दौरान उसने पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय थाने में मदद के लिए कॉल भी किया, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिली।

पुलिस पर भी लगाए आरोप
युवक ने आरोप लगाया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती को मुक्त कराने के बजाय उसे ही शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही थाने में उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।

निष्पक्ष जांच की मांग
युवक ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी मंगेतर को तुरंत मुक्त कराया जाए, संबंधित लोगों के खिलाफ अपहरण और बंधक बनाने का मामला दर्ज किया जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर युवती के बयान लिए जाएं।

और नया पुराने

Column Right

Facebook