पाली: चोरी के आरोपी ने थाने में खुद को किया घायल,
टाइल्स से काटा हाथ
पाली जिले के तखतगढ़ थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चोरी के मामले में रिमांड पर चल रहे एक आरोपी ने बैरक के अंदर खुद को लहूलुहान कर लिया। आरोपी ने बाथरूम की टाइल्स के किनारे से अपने हाथ पर कट लगा लिया, जिससे खून बहने लगा।
जानकारी के मुताबिक, जालोर जिले के सामुचा गांव निवासी दिनेश को चोरी के मामले में पुलिस रिमांड पर रखा गया था। शनिवार को वह अन्य आरोपियों के साथ बैरक में मौजूद था। इसी दौरान वह बाथरूम में गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया।
शक होने पर जब पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो देखा कि वह टाइल्स से अपने हाथ को जख्मी कर रहा था। तुरंत उसे बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की सतर्कता से बची जान
घटना की सूचना मिलते ही थानाप्रभारी को अवगत कराया गया और बिना देरी किए आरोपी को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कदम क्यों उठाया। प्रारंभिक तौर पर इसे तनाव या मानसिक दबाव से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।