जालोर में जमीन विवाद को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर धरना,
दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
जालोर -जिला मुख्यालय पर जमीन विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कलेक्ट्रेट के बाहर एक व्यक्ति पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठा है और उसने एक भाजपा नेता पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर संबंधित नेता ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि जमीन की खरीद-फरोख्त नियमानुसार और सहमति से हुई है।
धरने पर बैठे भवर सिंह का कहना है कि करीब एक साल पहले उन्होंने मूड़ी गांव में 25 बीघा जमीन बेची थी, लेकिन रजिस्ट्री के दौरान धोखे से 47 बीघा दर्ज कर ली गई। इसी को लेकर वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
वहीं भाजपा नेता ओबाराम देवासी का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2024 में भवर सिंह से लगभग 45 बीघा जमीन खरीदी थी और पूरी रकम का भुगतान किया गया है। उनका यह भी दावा है कि जमीन पर जो बैंक लोन बकाया था, उसे भी उन्होंने ही चुकाया।
देवासी के अनुसार, यह मामला पहले भी पुलिस तक पहुंच चुका है, जहां जांच में खरीद-फरोख्त को सही पाया गया था और दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। इसके बाद हाल ही में लोक अदालत में भी इस विवाद का निपटारा हो चुका है, जहां लिखित सहमति के साथ मामला खत्म किया गया था।
इधर, प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जिला कलेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।